लखनऊ। यूपी में भारतीय जनता पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों को जीतने के लक्ष्य रखा है। मिशन 2024 को पाने के लिए भाजपा अब मिशन भाईजान शुरू करने जा रही है। इसके तहत भाजपा मुस्लिम समाज के लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। भाजपा प्रदेश की हर लोकसभा क्षेत्र में मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने के लिए दो बड़े कार्यक्रम चलाने जा रही है। इसमें से पहला कार्यक्रम मोदी मित्र बनाओ अभियान और दूसरा कार्यक्रम सूफी सम्मेलन है।
भाजपा ने अब मुस्लिम समाज पर फोकस रखा है और उन्हें अपने साथ जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी मोदी मित्र बनाओ अभियान और सूफी सम्मेलन के तहत मुसलमानों से दोस्ती का हाथ बढ़ाएगी और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश करेगी। बीजेपी की ओर से इस कार्यक्रम के जरिए हर लोकसभा में 5 हजार मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके जरिए मुसलमानों की बड़ी आबादी तक बीजेपी के सबका साथ-सबका विकास का नारा साकार हो सके। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी के मुताबिक भाजपा की यूपी इकाई इसकी शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करने जा रही है।
भाजपा ने यूपी में नगर निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। इसके बाद अब बीजेपी ने लोकसभा चुनाव की सभी सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए भाजपा जोरों शोरों से तैयारियां कर रही है। भाजपा चुनाव के लिए बनाई अपनी रणनीति के तहत काम कर रही है। भाजपा के प्लान के मुताबिक महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा लोकसभा स्तर पर सूफी सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। यूपी अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा से 6 नगर पंचायत अध्यक्ष और 50 के करीब पार्षद/सभासद मुस्लिम समाज से विजयी हुए हैं। पसमांदा मुसलमानों में भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ रहा है। अब भाजपा सूफी सम्मेलन के जरिए मुसलमानों के दिलों में अपनी जगह बनाना चाहती है।