आगरा । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवर्ती तूफान मोका से रविवार शाम को मौसम बदल गया। 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी आफत लेकर आई। बिजलीघर चौराहे पर टावर गिर गया। देहात में एक मकान पर पेड़ गिर गया। जगह-जगह होर्डिंग गिर गए। इससे शहर और देहात में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार की सुबह तेज धूप के साथ हुई। गर्मी और उमस से अभी दो दिन राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।शाम पांच बजे से मौसम बदल गया, धूल भरी आंधी चलने लगी, बादल छा गए। छह बजे के बाद आंधी तेज हो गई। बिजलीघर चौराहे पर लगा बीएसएनएल का टावर गिर गया। केबल के कारण टावर नीचे नहीं गिरा और अधर में अटका रह गया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कई पेड़ भी टूट कर गिर गए। यमुना पार, कमला नगर, दयालबाग, आवास विकास कालोनी में कार पर पेड़ टूट कर गिर गया और तीन दर्जन होर्डिंग टूट कर गिर गए। इससे यातायात बाधित रहा। फतेहाबाद के गांव सारंगपुर में थान सिंह के घर में लगा नीम का पेड़ तेज आंधी में गिर पड़ा। इससे मकान ध्वस्त हो गया। पेड़ गिरने की आवाज से पूर्व ही स्वजन ने बाहर की ओर भागकर जान बचाई।